
संवाददाता ठाकुर सुरेंद्र पाल सिंह (उत्तरकाशी)
उत्तरकाशी: गंगा विचार मंच, उत्तराखंड के नेतृत्व में, 12 जून को सुबह माँ गंगा के उदगम स्थल गंगोत्री में एक बड़े स्वच्छता और जनजागृति अभियान का आयोजन किया। इस अभियान में 100 बोरे नए और पुराने कपड़े इकट्ठा करके नगर पंचायत गंगोत्री को सौंपे गए।
गंगा विचार मंच के प्रांत संयोजक लोकेंद्र सिंह बिष्ट और गंगा विचार मंच गंगोत्री के जिला संयोजक रावल अशोक सेमवाल के नेतृत्व में आज का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें गंगोत्री मन्दिर समिति, श्री गंगा पुरोहित सभा, पुलिस प्रशासन, एसडीआरएफ, वन विभाग, नगर पंचायत गंगोत्री, तीर्थ पुरोहितों, सैकड़ों कार्यकर्ताओं, गंगोत्री नगर पंचायत गंगोत्री के कर्मचारियों, और वन विभाग गंगोत्री नेशनल पार्क के कर्मचारियों ने भाग लिया। उन्होंने मिलकर गंगा शपथ दिलवाई।
गंगा शपथ के बाद, गंगोत्री में गंगा के किनारे स्वच्छता अभियान के तहत, मां गंगा जी में बहाए गए श्रृंगार के रूप में विसर्जित किए गए नए वस्त्रों के साथ पुराने वस्त्र, कपड़े, पॉलीथिन, प्लास्टिक बोतलें इकट्ठा की गईं।
माँ गंगा के धरती पर अवतरित होने के पावन पर्व गंगा दशहरा के उपलक्ष्य में, गंगा विचार मंच के कार्यकर्ताओं और गंगोत्री मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने गंगा के मायके गंगोत्री में स्वच्छता कार्य के साथ गंगा गोष्ठी का आयोजन किया।
यह भी पढें:मुरादाबाद में गबन के आरोपी की बिजनौर में की हत्या, लैंसडौन के जंगलों में फेंका शव
आज के स्वच्छता अभियान में गंगोत्री मंदिर समिति के पदाधिकारियों, नगर पंचायत गंगोत्री के कर्मचारियों, गंगा विचार मंच के कार्यकर्ताओं, और गंगा सभा गंगोत्री के पदाधिकारियों ने भाग लिया। इस कार्यक्रम में नगर पंचायत गंगोत्री के अध्यक्ष रावल हरीश सेमवाल, सचिव सुरेश सेमवाल, रावल संजीव सेमवाल, रावल पवन सेमवाल, गंगा विचार मंच के गंगोत्री के जिला संयोजक रावल अशोक सेमवाल, और अन्य लोग उपस्थित थे। इस कार्यक्रम में कुल 200 लोगों ने भाग लिया।